बक्सर में बारात जा रही तेज रफ्तार कार बाइक से टकराई, चार लोगों की मौत, बाइक सवार दो युवकों की हालत गंभीर, गांव में पसरा मातम
बक्सर के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा-मोहनिया मुख्य मार्ग पर सोनपा गांव महावीर स्थान के समीप गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई।
बक्सर/बिहार: बक्सर के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा-मोहनिया मुख्य मार्ग पर सोनपा गांव महावीर स्थान के समीप गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। बारात में शामिल होने जा रही तेज रफ्तार हुंडई i20 कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर में मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने चार मौत की पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के गहमर थाना क्षेत्र के भतौरा गांव के पांच युवक i20 कार में सवार होकर कैमूर के रामगढ़ स्थित बिशनपुरा गांव में बारात में जा रहे थे। इसी दौरान सोनपा गांव से तीन युवक बाइक पर मुख्य सड़क पर निकल रहे थे। महावीर स्थान के पास अनियंत्रित कार और बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बाइक के परखच्चे उड़ गए।
मृतकों में कार सवार भतौरा निवासी अरबाज खान, इरफान अंसारी और बादल कुमार ठाकुर तथा बाइक सवार सौरी निवासी शुभम शामिल हैं। हादसे में कार सवार सम्राट कुमार घायल है जिसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है, जबकि बाइक सवार शिवम समेत अन्य घायलों को गंभीर स्थिति में PMCH पटना रेफर किया गया है। सूचना पर समाजसेवी शशांक पाण्डेय उर्फ सोनू व राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची।
dhananjaykumarroy