बिहार में कांवड़ यात्रा के दौरान हाई टेंशन तार की चपेट में आया डीजे वाहन, 9 कांवरियों की मौत, मचा कोहराम

बिहार के वैशाली से एक दर्दनाक खबर सामने आ रही है, जहां कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे वाहन के हाई टेंशन तार की चपेट में आने से 9 लोगों की मौत हो गई।

बिहार में कांवड़ यात्रा के दौरान हाई टेंशन तार की चपेट में आया डीजे वाहन, 9 कांवरियों की मौत, मचा कोहराम

VAISHALI: बिहार के वैशाली से एक दर्दनाक खबर सामने आ रही है, जहां कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे वाहन के हाई टेंशन तार की चपेट में आने से 9 लोगों की मौत हो गई। वहीं आधा दर्जन से ज्यादा लोगों की हालत गंभीर बतायी जा रही है। घटना वैशाली के हाजीपुर औद्योगिक थाना क्षेत्र की बतायी जा रही है। सुल्तानपुर गांव के रहने वाले एक दर्जन से ज्यादा युवक बोलबम जा रहे थे। डीजे ट्रॉली लेकर सारण के पहलेजा घाट जा रहे थे। गंगाजल लेकर सोनपुर बाबा हरिहरनाथ में जलाभिषेक की योजना थी। इसी दौरान हादसा हो गया।

आपको बता दें कि मृतकों में एक नाबालिक भी शामिल है। स्थानीय लोगों के मुताबिक डीजे ट्रॉली में गाना बजाते हुए सभी कांवरिये उत्साह से सुल्तानपुर गांव से निकले थे। सड़क पर कुछ ही दूर आगे जाने के बाद डीजे ट्रॉली का ऊपरी हिस्सा सड़क किनारे के एक 11 हजार वोल्ट के बिजली तार में सट गया। 8 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। एक अन्य की मौत इलाज के दौरान हो गई। हालांकि प्रशासन ने अभी 8 लोगों की मौत की ही पुष्टि की है, जबकि ग्रामीणों का दावा है कि 9-10 लोगों की मौत हो चुकी है।

सदर एसडीपीओ ओमप्रकाश ने बताया कि इंडस्ट्रियल थाना अंतर्गत सुल्तानपुर गांव में कांवरिया डीजे लेकर जा रहे थे। डीजे वाहन का लाउडस्पीकर काफी ऊंचा था। सड़क के ऊपर से 11 हजार वोल्ट की तार जा रहा था। उसी में डीजे सट गया। इस घटना में 8 लोगों की मौत हो गई। कुछ अन्य घायल हैं , जिनका इलाज चल रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं स्थानीय सुजीत पासवान ने कहा कि 8 से 10 लड़के बोलबम के लिए निकले थे। जिस समय हादसा हुआ, उस समय ट्रॉली में 4 से 5 लड़के थे। इसी दौरान करंट लग गया। जैसे ही अन्य युवकों को पता चला, सभी बचाने के लिए चले गए। इससे वे सब भी करंट की चपेट में आ गए। 9-10 लोगों की मौत हो चुकी है। पहले आठ लोगों की वहीं मौत हुई थी, फिर दो लोगों की अस्पताल में मौत हो गई।