बेगूसराय में कांग्रेस नेता की गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बदमाशों ने दागीं 7 गोलियां, बाल-बाल बची जान
बिहार में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। बेगूसराय जिले में बुधवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने कांग्रेस नेता गौरव कुमार की गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
Begusarai: बिहार में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। बेगूसराय जिले में बुधवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने कांग्रेस नेता गौरव कुमार की गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में उनकी सफारी गाड़ी पर करीब सात गोलियां लगीं। हालांकि, गाड़ी में सवार कांग्रेस नेता समेत तीनों लोग बाल-बाल बच गए। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, बेगूसराय जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष गौरव कुमार किसी निजी काम से पपरौर गए थे। वहां से वह सफारी गाड़ी से बेगूसराय लौट रहे थे। इसी दौरान जीरोमाइल सहायक थाना क्षेत्र के पपरौर कब्रिस्तान के पास एनएच-31 पर बाइक सवार दो अपराधियों ने उनकी गाड़ी को निशाना बनाकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुई गोलीबारी से गाड़ी में बैठे लोग सहम गए। बदमाशों ने लगातार कई राउंड गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक से बेगूसराय की ओर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि घटना के समय गाड़ी में चालक समेत कुल तीन लोग मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि किसी को गोली नहीं लगी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, CCTV फुटेज खंगाल रही टीम
घटना के बाद गौरव कुमार जीरोमाइल सहायक थाना पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाइक पर सवार दोनों बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी है। कांग्रेस नेता के आवेदन के आधार पर पुलिस ने दो अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
जीरोमाइल सहायक थाना अध्यक्ष मनीष कुमार के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। वहीं, सदर एसडीपीओ-2 दुर्गा शक्ति ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
जमीन विवाद में हमले की आशंका
गौरव कुमार बेगूसराय के वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनिल सिंह के पुत्र बताए जाते हैं। शुरुआती जानकारी में हमले के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हमले की असली वजह की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वजह स्पष्ट हो सकेगी। दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग ने जिले की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
pranavpr