बिहार में आज से इंटरमीडिएट की परीक्षा शुरु, पहली पाली में बायोलॉजी-फिलॉसफी की परीक्षा, तो दूसरी अर्थशास्त्र की होगी परीक्षा, केंद्रों पर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम
बिहार में इंटरमीडिएट की परीक्षा आज से शुरु हो गई है
पटना: बिहार में इंटरमीडिएट की परीक्षा आज से शुरु हो गई है.....राज्यभर के सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संचालित की जा रही है। परीक्षा के पहले दिन पहली पाली में बायोलॉजी और फिलॉसफी विषय की परीक्षा ली गई, जबकि दूसरी पाली में इकोनॉमिक्स विषय की परीक्षा आयोजित की जा रही है। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक आयोजित की जा रही है। वहीं दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। परीक्षा को लेकर छात्रों में खासा उत्साह देखा गया, वहीं केंद्रों के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
एक घंटा पहले पहुंचे परीक्षा केंद्र
बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। ऐसे में सभी परीक्षार्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम एक घंटा पहले अपने-अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंच जाएं। निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई परीक्षार्थी विलंब से पहुंचकर जबरन परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने की कोशिश करता है तो उसे अगले दो वर्षों के लिए बोर्ड की परीक्षाओं से वंचित कर दिया जाएगा।
राज्यभर में कुल 1762 परीक्षा केंद्र
अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए राज्यभर में कुल 1762 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन सभी केंद्रों पर प्रशासनिक और पुलिस बल की तैनाती की गई है। सभी जिलों के जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि वे परीक्षा अवधि के दौरान नियमित रूप से परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करें और विधि-व्यवस्था बनाए रखें। वहीं बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष इंटर परीक्षा में कुल 13,17,846 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। इनमें 6,75,844 छात्राएं और 6,42,002 छात्र शामिल हैं। इस बार इंटर परीक्षा में छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक है, जो राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की सफलता को दर्शाता है।
dhananjaykumarroy