पटना सिटी से लापता कारोबारी का मिला शव, फतुहा में नदी किनारे बरामद हुई लाश, हत्या या हादसा? जांच में जुटी पुलिस

पटना सिटी से 48 घंटे से लापता कारोबारी मनोज कुमार का शव फतुहा थाना क्षेत्र में नारायण नदी के पास मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान उनके पास मिले परिचय पत्र से की गई।

पटना सिटी से लापता कारोबारी का मिला शव, फतुहा में नदी किनारे बरामद हुई लाश, हत्या या हादसा? जांच में जुटी पुलिस
Image Slider
Image Slider
Image Slider

पटना: पटना सिटी से 48 घंटे से लापता कारोबारी मनोज कुमार का शव फतुहा थाना क्षेत्र में नारायण नदी के पास मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान उनके पास मिले परिचय पत्र से की गई। घटनास्थल से उनकी स्कूटी भी बरामद हुई है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पटना सिटी के एएसपी राज किशोर सिंह ने बताया कि आलमगंज थाना क्षेत्र निवासी मनोज कुमार के लापता होने की सूचना उनके परिजनों ने 14 जुलाई 2026 को दी थी। शिकायत के अनुसार, मनोज कुमार 13 जुलाई की सुबह करीब 7 बजे अपनी स्कूटी से पहाड़ी इलाके में किसी काम से निकले थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। परिजनों ने कई बार मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर आलमगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू करते हुए घर से लेकर पहाड़ी इलाके तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। इसी बीच बुधवार दोपहर करीब 3 बजे सूचना मिली कि फतुहा थाना क्षेत्र के नारायण नदी के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान मनोज कुमार के रूप में की।

एएसपी राज किशोर सिंह ने बताया कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या, हादसा और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी.