सांसद बनने अब दिल्ली चले नीतीश कुमार, शपथ ग्रहण के बाद इस दिन होगी नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक, सम्राट नए CM की रेस में सबसे आगे

20 साल बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा से अपनी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं।

सांसद बनने अब दिल्ली चले नीतीश कुमार,  शपथ ग्रहण के बाद इस दिन होगी नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक, सम्राट नए CM की रेस में सबसे आगे
Image Slider
Image Slider
Image Slider

पटना: बिहार में सियासी उलटफेर की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। 20 साल बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा से अपनी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। 10 अप्रैल को वह राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। सीएम नीतीश कुमार के लिए शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया है। इसके लिए सारी तैयारी पूरी हो चुकी है। खास बात यह है कि 10 अप्रैल को बिहार से केवल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही शपथ लेंगे। इनके अलावा बिहार से निर्वाचित हुए नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश कुमार खरमास बाद शपथ लेंगे। चर्चा है कि 16 अप्रैल को यह चारों नेता शपथ लें। नीतीश कुमार 11 अप्रैल को पटना लौट सकते हैं. बताया जा रहा है कि आगामी सोमवार यानी 13 अप्रैल को नीतीश कैबिनेट की अंतिम बैठक हो सकती है. सूत्रों के हवाले से बड़ी जानकारी सामने आ रही है कि नीतीश कुमार मंगलवार यानी 14 अप्रैल को नीतीश मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं. वह राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं. 

इस्तीफे के बाद नई सरकार का होगा गठन

सीएम पद से नीतीश के इस्तीफे के बाद औपचारिक रूप से नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. 14 अप्रैल को NDA विधानमंडल दल की बैठक संभव है जिसमें नेता चुना जाएगा. कयास लगाए जा रहे हैं कि अगले दिन बुधवार (15 अप्रैल) को नई सरकार का शपथ ग्रहण हो सकता है. 

सीएम के रेस में कई नाम शामिल

बिहार में अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। इस रेस में कई नाम हैं और कई तरह के समीकरणों पर चर्चा हो रही है। हालांकि रेस में सबसे आगे सम्राट चौधरी का नाम बताया जा रहा है। इसके पीछे कई कारण हैं। सम्राट चौधरी अभी उप मुख्यमंत्री हैं। वह बिहार के इकलौते बीजेपी के नेता हैं, जिनका नाम पश्चिम बंगाल चुनावों में स्टार प्रचारकों में था।

CM को लेकर NDA में कोई मतभेद नहीं- नितिन नवीन

बिहार में सीएम को लेकर बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन का बड़ा बयान देते हुए कहा कि NDA में बिहार के नए मुख्यमंत्री को लेकर कहीं कोई मतभेद नहीं है। ब‍िहार को जल्‍द ही नया सीएम म‍िलने वाला है। जानकारी म‍िल रही है क‍ि 15 अप्रैल को शपथ ग्रहण समारोह होने वाला है। इसके ल‍िए पटना के गांधी मैदान में भव्‍य आयोज‍न क‍िया जाएगा। नीतीश 13 अप्रैल को आख‍िरी कैब‍िनेट बैठक ले सकते हैं और 14 अप्रैल को सीएम पद से इस्‍तीफा दे सकते हैं।

शपथ ग्रहण से पहले दिल्ली में जेडीयू की बैठक

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा में शपथ लेने से पहले जनता दल यूनाईटेड के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक करेंगे। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह पहले से दिल्ली में मौजूद हैं। बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सभी नेता मौजूद रहेंगे। इस बैठक में सीएम नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद जदयू की भूमिका, मंत्री और डिप्टी सीएम के पद पर विचार विमर्श किया जाएगा। निशांत कुमार की क्या भूमिका होगी? इस पर भी चर्चा की जाएगी। 


पीएम मोदी और गृह मंत्री शाह से भी करेंगे मुलाकात

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा में शपथ लेने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलकात करेंगे। उनके साथ ललन सिंह और संजय झा भी रहेंगे। बिहार में नई एनडीए सरकार के प्रारूप को लेकर सीएम नीतीश कुमार गृह मंत्री अमित शाह से बातचीत कर सकते हैं। नई सरकार का मंत्रिमंडल कैसा रहेगा? कौन रिपीट होंगे? किस नए चेहरे को मौका दिया जाएगा? इस पर सीएम नीतीश कुमार अपनी राय रखेंगे।