अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार विश्व कप फाइनल में, इंग्लैंड को 2-1 से हराकर खिताबी मुकाबले में बनाई जगह
गत चैंपियन अर्जेंटीना ने फीफा विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 2-1 से हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बना ली है। अटलांटा में खेले गए रोमांचक मुकाबले में अर्जेंटीना ने आखिरी मिनटों में शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की।
स्पोर्ट्स डेस्क: गत चैंपियन अर्जेंटीना ने फीफा विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 2-1 से हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बना ली है। अटलांटा में खेले गए रोमांचक मुकाबले में अर्जेंटीना ने आखिरी मिनटों में शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की। अब फाइनल में उसका सामना यूरोपीय चैंपियन स्पेन से रविवार को न्यू जर्सी के ईस्ट रदरफोर्ड में होगा।
मुकाबले की शुरुआत में इंग्लैंड ने बेहतर प्रदर्शन किया और 55वें मिनट में एंथनी गॉर्डन के गोल की बदौलत 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद अर्जेंटीना ने लगातार आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन इंग्लैंड के गोलकीपर जॉर्डन पिकफोर्ड ने कई बेहतरीन बचाव किए।
हालांकि, मैच के अंतिम क्षणों में अर्जेंटीना ने शानदार वापसी की। 85वें मिनट में कप्तान लियोनेल मेसी के पास पर एंजो फर्नांडीज ने बराबरी का गोल दागा। इसके बाद इंजुरी टाइम के दूसरे मिनट में मेसी ने सटीक क्रॉस दिया, जिस पर स्थानापन्न खिलाड़ी लाउतारो मार्टिनेज ने हेडर के जरिए विजयी गोल कर अर्जेंटीना को 2-1 की यादगार जीत दिला दी।
मैच समाप्त होने के बाद लियोनेल मेसी घुटनों के बल बैठकर जीत का जश्न मनाते नजर आए, जबकि इंग्लैंड के खिलाड़ी मायूस होकर मैदान पर ही बैठ गए। यह विश्व कप इतिहास में तीसरा मौका है जब अर्जेंटीना ने नॉकआउट मुकाबले में इंग्लैंड की उम्मीदों को तोड़ा। इससे पहले 1986 और 1998 में भी इंग्लैंड को अर्जेंटीना के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
मैच के बाद लाउतारो मार्टिनेज ने कहा कि उन्हें विश्वास था कि वह मैदान पर उतरकर टीम को जीत दिलाएंगे। वहीं, अर्जेंटीना के मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी ने टीम की एकजुटता और जुझारूपन की तारीफ करते हुए कहा कि उनके खिलाड़ी आखिरी मिनट तक हार नहीं मानते।
दूसरी ओर, इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन ने हार पर निराशा जताते हुए कहा कि पूरी टीम ने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया, लेकिन परिणाम उनके पक्ष में नहीं रहा। वहीं, कोच थॉमस टुखेल ने स्वीकार किया कि उनकी टीम बढ़त मिलने के बाद रक्षात्मक हो गई, जबकि अर्जेंटीना ने अधिक जोखिम उठाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अब अर्जेंटीना की नजर लगातार दूसरी विश्व कप ट्रॉफी जीतने पर होगी। 39 वर्षीय लियोनेल मेसी अपने संभावित आखिरी विश्व कप में एक और खिताब जीतकर अपने शानदार करियर को ऐतिहासिक मुकाम पर पहुंचाने के करीब हैं।
dhananjaykumarroy