Fact Check: क्या दीपिका पादुकोण ने सोनम वांगचुक के समर्थन में इंस्टाग्राम स्टोरी पोस्ट की? जानिए वायरल दावे की सच्चाई
सोशल मीडिया पर अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के नाम से एक कथित इंस्टाग्राम स्टोरी तेजी से वायरल हो रही है। दावा किया जा रहा है कि उन्होंने भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक के समर्थन में पोस्ट शेयर की थी, जिसे कुछ ही मिनटों बाद डिलीट कर दिया गया।
एंटरटेनमेंट डेस्क: सोशल मीडिया पर अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के नाम से एक कथित इंस्टाग्राम स्टोरी तेजी से वायरल हो रही है। दावा किया जा रहा है कि उन्होंने भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक के समर्थन में पोस्ट शेयर की थी, जिसे कुछ ही मिनटों बाद डिलीट कर दिया गया। हालांकि, जांच में यह दावा फर्जी पाया गया है।
वायरल स्क्रीनशॉट में लिखा गया है कि देश लोकतंत्र के सबसे बुरे दौर से गुजर रहा है और मौजूदा हालातों पर सवाल उठाए गए हैं। सोशल मीडिया पर इसे दीपिका पादुकोण की इंस्टाग्राम स्टोरी बताकर व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है।
हालांकि, फैक्ट चेक में सामने आया कि दीपिका पादुकोण के आधिकारिक और वेरिफाइड इंस्टाग्राम अकाउंट पर ऐसी कोई स्टोरी पोस्ट नहीं की गई थी। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वायरल स्क्रीनशॉट को डिजिटल रूप से एडिट कर तैयार किया गया है और इसे अभिनेत्री के नाम से गलत तरीके से प्रसारित किया जा रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 15 जुलाई तक दीपिका पादुकोण, आलिया भट्ट, शाहरुख खान, आमिर खान समेत कई बड़े बॉलीवुड सितारों ने सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल या उससे जुड़े मुद्दे पर कोई सार्वजनिक बयान या सोशल मीडिया पोस्ट साझा नहीं किया है। वहीं, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई यूजर्स ने भी वायरल स्क्रीनशॉट को AI-जनरेटेड या एडिटेड बताया है।
हालांकि, फिल्म जगत की कुछ हस्तियों ने सोनम वांगचुक के समर्थन में अपनी प्रतिक्रिया दी है। इनमें अनुराग कश्यप, नसीरुद्दीन शाह, रत्ना पाठक शाह, जीनत अमान, अभय देओल, विशाल ददलानी, पूजा बत्रा और अतुल कुलकर्णी जैसे नाम शामिल हैं।
निष्कर्ष: दीपिका पादुकोण के नाम से वायरल हो रही इंस्टाग्राम स्टोरी फर्जी (Fake) है। अभिनेत्री ने सोनम वांगचुक के समर्थन में ऐसी कोई स्टोरी पोस्ट नहीं की है।
dhananjaykumarroy