पूर्व सीएम नीतीश कुमार पहुंचे मंजू सिन्हा पार्क, अपनी पत्नी की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, स्वास्थ्य मंत्री ने भी किया नमन, कल्याण विगहा में भी किया याद
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी दिवंगत पत्नी की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
पटना: पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज कंकड़बाग स्थित मंजू सिन्हा पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी दिवंगत पत्नी की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर माहौल भावुक दिखाई दिया और बड़ी संख्या में लोग भी वहां मौजूद रहे।
नीतीश कुमार के साथ उनके पुत्र और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी मौजूद थे। दोनों ने पार्क में पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की और दिवंगत आत्मा को नमन किया। यह पूरा कार्यक्रम पारिवारिक और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें श्रद्धा और सम्मान का भाव साफ झलक रहा था।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद नीतीश कुमार और निशांत कुमार कल्याण बिगहा स्थित अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए। नालंदा जिले के कल्याणबीघा गांव में अपनी पत्नी स्वर्गीय मंजू देवी की 19वीं पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके साथ बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी मौजूद रहे। राज्यसभा सदस्य बनने के बाद पहली बार गांव पहुंचे नीतीश कुमार का स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
कल्याणबीघा पहुंचने के बाद नीतीश कुमार और निशांत कुमार ने सबसे पहले मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद दोनों स्मृति वाटिका पहुंचे, जहां स्वर्गीय मंजू देवी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान माहौल भावुक बना रहा और परिवार के सदस्य नम आंखों से उन्हें याद करते नजर आए।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अपने पैतृक आवास पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। गांव के लोगों ने भी उनसे विभिन्न स्थानीय समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर बातचीत की। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण विकास सह सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार समेत कई नेता, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। इस अवसर पर गांव में मिठाइयां भी बांटी गईं।
dhananjaykumarroy