मुख्यमंत्री के बयान पर विधान परिषद में भारी हंगामा, बेल में पहुंचा विपक्ष..सदन का बहिष्कार
विधान परिषद में बजट सत्र के नौवें दिन भी जोरदार हंगामा हुआ। मुख्यमंत्री के बयान से नाराज विपक्ष बेल में पहुंचकर हंगामा किया।

Patna : विधान परिषद में बजट सत्र के नौवें दिन भी जोरदार हंगामा हुआ। मुख्यमंत्री के बयान से नाराज विपक्ष बेल में पहुंचकर हंगामा किया। इसके बाद सदन का बहिष्कार कर दिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार की क्या स्थिति थी, कोई काम नहीं हुआ था। जब हमलोग आए तो राज्य का तेजी से विकास हुआ। राज्य में विकास के जो भी कार्य हुए है, उसकी विस्तृत जानकारी सदन में दी जाएगी ताकि राज्य के लोगों को भी इसकी जानकारी हो सके।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज विधानमंडल की कार्यवाही में हिस्सा लेने आए थे। नीतीश कुमार ने सदन में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी की ओर मुखातिब होकर कहा कि जब इनके पति मुख्यमंत्री पद से हटे तो इनको मुख्यमंत्री बना दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2005 से पहले बिहार की क्या स्थिति है, यह किसी से छुपी हुई नहीं है।
जब हमलोगों की सरकार बनी तो राज्य का कितना विकास हुआ है, यह सभी लोग जानते हैं। इसकी पूरी जानकारी सदन में भी दी जाएगी ताकि राज्य को हरेक नागरिक को पूरी जानकारी हो सके। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बयान से नाराज विपक्ष ने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। विपक्षी सदस्य बेल में आकर हंगामा करने लगे और उसके बाद सदन का बहिष्कार कर दिया और पोर्टिको में आकर राजद के विधायकों ने कानून-व्यवस्था को लेकर जबर्दस्त प्रदर्शन किया।